सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में अधूरे विद्युत कार्यों पर सख्ती, एक महीने में पूरा करने का निर्देश

सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के 56 पंचायत, आदित्यपुर नगर निगम और सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे सभी अपूर्ण विद्युत संबंधित कार्यों को अब एक महीने के भीतर पूरा करना होगा। यह निर्देश पूर्व मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक श्री चंपई सोरेन के आदेश पर विद्युत विभाग को सौंपा गया है।


सूत्रों के मुताबिक RDSS, MUJI एवं PVGT के तहत जारी अधिकांश कार्य लंबे समय से अधूरे पड़े थे, जिससे आम जनता को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
फ्यूज कॉल पर अब नहीं बंद होगा पूरा फीडर
सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में उत्पन्न प्रत्येक फ्यूज कॉल के दौरान पूरा फीडर बंद किए जाने से स्थानीय व्यवसायी और आम उपभोक्ता बिजली कटौती से परेशान थे। नई व्यवस्था में इसे दो हिस्सों में बांटा गया है—
व्यावसायिक क्षेत्र: 60% सप्लाई लाइन
घरेलू क्षेत्र: 40% सप्लाई लाइन
दोनों क्षेत्रों की आपूर्ति लाइन अलग कर दी गई है, जिससे अब फ्यूज कॉल की समस्या होने पर बिजली आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी और कम समय में बांस की सीढ़ी के माध्यम से मरम्मत कार्य किया जा सकेगा।
ट्रांसफॉर्मर लोड में तुरंत सुधार का निर्देश
वर्षों से ट्रांसफॉर्मर वाइज अंडर-लोड वितरण की समस्या को देखते हुए तत्काल सुधार का आदेश दिया गया है। इससे बार-बार होने वाली लो-वोल्टेज और ओवरलोड की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी व्यवस्था की मांग
आवेदन में बिजली विभाग को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने और पारदर्शी तरीके से विद्युत संयोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
साथ ही विभागीय कार्यालय में 1 किलोवाट से 25 किलोवाट तक के सभी विद्युत कनेक्शन दर को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने की मांग की गई है, ताकि उपभोक्ता स्वयं जागरूक रहें और किसी प्रकार की अनियमितता का शिकार न हों।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि निर्देशों का पालन समय पर हुआ तो क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।


