कुदाबेड़ा में मागे पर्व का आयोजन, शामिल हुए कांग्रेसी नेता

खूंटपानी प्रखंड के सांसद प्रतिनिधि सकारी दोगों के पैतृक गांव कुदाबेड़ा में मागे पर्व का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से कुचाई प्रखंड के सांसद प्रतिनिधि मानसिंह मुंडा, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष फागु मुंडा, खूंटपानी कांग्रेस मंडल अध्यक्ष अशोक मुंडारी, प्रखंड महासचिव गोपी बोदरा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जगबंधु महतो,रसिक लाल सोय शामिल हुए। सभी नेताओं ने उक्त गांव के ग्रामीणों को मागे पर्व की शुभकामनाएं दी। वहीं इस उत्सव में ढोल-नगाड़ों की थाप पर आदिवासी महिला-पुरुष, युवा और बुजुर्ग पारंपरिक वेशभूषा में जमकर थिरके। इस दौरान कुचाई प्रखंड के सांसद प्रतिनिधि मानसिंह मुंडा ने कहा कि यह पर्व नई फसल और प्रकृति के प्रति आभार प्रकट करने का प्रतीक है, जिसमें ‘सिंगबोंगा’ (सूर्य देव) और ग्राम देवताओं की पूजा की जाती है।उन्होंने आगे कहा कि, यह पर्व आपसी भाईचारा बनाये रखने और एक-दूसरे को सहयोग करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मौके पर काफी संख्या में आदिवासी समाज के लोग मौजूद थे।



