HealthLatestNewsझारखण्डसरायकेला

41 डिग्री की भीषण गर्मी में भी नहीं डिगा हौसला: जेएलकेएम ब्लैक टीम कोल्हान के रक्तदान शिविर में जुटे रक्तवीर, 50 यूनिट रक्त संग्रह

जेएलकेएम की ब्लैक टीम कोल्हान ने एक बार फिर सामाजिक सरोकार और जनसेवा की मिसाल पेश की। राजनगर प्रखंड अंतर्गत बाना पंचायत स्थित आरोग्य मंदिर भवन में आयोजित एकदिवसीय रक्तदान शिविर में भीषण गर्मी और 41 डिग्री के पार पहुंचे तापमान के बावजूद लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। तपती गर्मी के बीच भी रक्तवीरों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और शाम 4 बजे तक लगभग 50 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

 

यह ब्लैक टीम कोल्हान द्वारा आयोजित पांचवां रक्तदान शिविर था, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भाग-17 की जिला परिषद सदस्य आमोदिनी महतो शामिल हुईं। समाजसेवी शशि भूषण महतो ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया और कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव धर्म है। जरूरतमंदों की जान बचाने के लिए हर सक्षम व्यक्ति को आगे आना चाहिए।

आमोदिनी महतो ने विशेष रूप से महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि महिलाओं को भी रक्तदान जैसे पुण्य कार्य में आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से शरीर में नए रक्त का संचार होता है और यह स्वास्थ्य के लिए लाभकारी भी है।

 

JLKM युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रोहित महतो ने भी रक्तदान कर युवाओं को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह समाज के लिए एक बड़ा योगदान है। यदि किसी के रक्तदान से किसी जरूरतमंद की जान बचती है, तो इससे बड़ा मानव सेवा का कार्य कोई नहीं हो सकता।

 

रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं के लिए अल्पाहार, जूस और भोजन की व्यवस्था की गई थी। जमशेदपुर ब्लड बैंक की टीम ने रक्त संग्रहण का कार्य किया। इस आयोजन को सफल बनाने में बिंदेश्वर महतो, रोहित महतो, सुनील महतो, शशि भूषण महतो, सिस्टोपोती महतो, संकर महतो, मुकेश महतो और संजय महतो की सक्रिय भूमिका रही।

 

भीषण गर्मी में भी मानवता की सेवा के लिए उमड़ा यह जनसैलाब साबित करता है कि जब उद्देश्य नेक हो, तो मौसम की तपिश भी लोगों के हौसले को नहीं डिगा सकती।

Share this news