नीमडीह में 200 लाह कृषकों को तकनीकी प्रशिक्षण, टूल-किट वितरण से आत्मनिर्भरता पर जोर

सरायकेला,


जिले के नीमडीह प्रखंड में लाह उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से एक दिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण एवं टूल-किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हेवन एवं लाकड़ी लैंपस में आयोजित इस कार्यक्रम में 200 लाह कृषकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने किसानों को लाह उत्पादन की आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी। उन्हें बेहतर किस्म के बीहन लाह के चयन, कीट नियंत्रण तथा पौधों के उचित रखरखाव के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही पारंपरिक खेती के बजाय उन्नत तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि उत्पादन और आय दोनों में वृद्धि हो सके।
इस अवसर पर चयनित 200 किसानों के बीच आवश्यक कृषि टूल-किट का भी वितरण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन उपकरणों से किसानों को वैज्ञानिक तरीके से लाह की खेती करने में सुविधा मिलेगी और उनकी उत्पादकता में सुधार होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाएं और अन्य किसानों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक सशक्तिकरण और समृद्धि संभव है।
इस दौरान जिला सहकारिता पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

