Newsझारखण्डसरायकेला

राजनगर के पाखनाडीह में घर से निकला 5 फीट लंबा कोबरा, सर्प मित्र ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

 

 

सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत गोविंदपुर पंचायत के पाखनाडीह गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मंटू महतो के घर में लगभग पांच फीट लंबा कोबरा सांप दिखाई दिया। सांप निकलने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।

 

घटना की जानकारी मिलने पर सर्प मित्र राजा बारिक तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरी सतर्कता और सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान चलाकर कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद वन्यजीव संरक्षण के नियमों का पालन करते हुए सांप को मानव बस्ती से दूर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।

 

ग्रामीणों ने सर्प मित्र राजा बारिक के साहस, सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

 

घटना के बाद राजा बारिक एवं समाजसेवी अजय कुमार गोप ने लोगों से बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि घर और उसके आसपास नियमित साफ-सफाई बनाए रखें, रात के समय बाहर निकलते समय टॉर्च का प्रयोग करें तथा जो लोग जमीन पर सोते हैं, वे मच्छरदानी का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही, किसी भी सांप को स्वयं पकड़ने का प्रयास न कर तत्काल प्रशिक्षित सर्प मित्र या संबंधित विभाग को सूचना दें।

Share this news