Newsझारखण्डसरायकेला

कुकड़ू प्रखंड में विकास योजनाओं का शिलान्यास, सड़क-पानी सहित बुनियादी सुविधाओं को मिलेगी मजबूती

सरायकेला, 

जिले के कुकड़ू प्रखंड में सोमवार को विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया। जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कई जनकल्याणकारी योजनाओं की आधारशिला रखी गई।

कार्यक्रम की शुरुआत अपराह्न करीब 3 बजे चौड़ा गांव से हुई, जहां पीसीसी पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इसके बाद ग्राम दारुदा (लेटेमदा) समेत अन्य गांवों में क्रमवार कई योजनाओं का शुभारंभ किया गया।

इन योजनाओं में दारुदा के बड़ासांगा तालाब में स्नान घाट निर्माण, रूपरू गांव में डीप बोरिंग एवं नाली निर्माण, सिरूम में शहीद अजीत धनंजय महतो चौक पर चापाकल सह जलमीनार, सिरकाडीह के हरिजन टोला में गार्डवाल, बुरूडीह में गणेश पूजा स्थल पर चबूतरा निर्माण तथा हेसालांग में तालाब पर स्नान घाट निर्माण शामिल हैं।

इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, झारखंड आंदोलनकारी सुनील कुमार महतो, मुखिया इंद्रजीत सिंह मुंडा, पहाड़ सिंह मुंडा, ग्राम प्रधान हिमांशु कुमार महतो सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाएं बेहतर होंगी। साथ ही ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आएगा और इलाके के समग्र विकास को गति मिलेगी।

Share this news