Newsझारखण्ड

कुपोषण मुक्त झारखंड के लिए मिलकर करें काम: सीएम हेमंत सोरेन ने 299 पदाधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

रांची:

हेमंत सोरेन ने मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में आयोजित कार्यक्रम में महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के अंतर्गत 62 बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (CDPO) और 237 महिला पर्यवेक्षिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने सभी नव-नियुक्त कर्मियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय बाद इतने बड़े स्तर पर नियुक्तियां होना राज्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी चयनित महिलाएं अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करेंगी और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि झारखंड में कुपोषण अब भी एक गंभीर चुनौती बना हुआ है। इसे खत्म करने के लिए सरकार के साथ-साथ समाज के हर वर्ग को मिलकर काम करना होगा। मुख्यमंत्री ने नव-नियुक्त कर्मियों से आह्वान किया कि वे इस दिशा में संकल्प लेकर जमीनी स्तर पर प्रभावी प्रयास करें।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य के कई दूरदराज इलाकों में अभी भी बुनियादी सुविधाओं की कमी है। ऐसे क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों से कहा कि वे समर्पण और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ कार्य करते हुए जरूरतमंद लोगों तक सेवाएं पहुंचाएं।

महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में महिलाएं अक्सर अपनी समस्याओं को खुलकर नहीं बता पातीं, जिससे छोटी समस्याएं भी गंभीर रूप ले लेती हैं। ऐसे में महिला कर्मियों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।

कार्यक्रम में पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने विभागीय समन्वय को मजबूत बनाने की बात कही। उन्होंने निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी सेविकाओं, सीडीपीओ और पर्यवेक्षिकाओं के कार्यों का नियमित मूल्यांकन किया जाए और बेहतर प्रदर्शन करने वालों को प्रोत्साहित किया जाए।

उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी जनहित में कई योजनाएं लागू की जाएंगी।

इस मौके पर मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सचिव उमा शंकर सिंह, निदेशक किरण कुमार पासी सहित विभाग के कई अधिकारी, नव-नियुक्त अभ्यर्थी और उनके परिजन बड़ी संख्या में मौजूद

Share this news