ट्रांसफर के दौरान भावुक हुए जैप-5 के एसपी दीपक सिंह, बोले— जवान और उनके परिवार मेरे अपने हैं

देवघर:


देवघर स्थित जैप-5 में तैनात एसपी दीपक सिंह का तबादला जामताड़ा आईआरबी-1 में हो गया है। नई जिम्मेदारी संभालने से पहले उनके सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया, जो भावनात्मक पलों का गवाह बना।
समारोह के दौरान दीपक सिंह अपने साथियों से विदा लेते वक्त भावुक हो उठे और खुद को संभाल नहीं सके। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े, जिसे देख वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी भावुक हो गए।
दीपक सिंह अपने सरल व्यवहार और कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली के लिए जाने जाते रहे हैं। जैप-5 में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अनुशासन को मजबूत करने के साथ-साथ कई सकारात्मक पहल भी कीं।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि देवघर में बिताया गया समय उनके लिए बेहद खास रहा। यहां के सभी जवान और उनके परिवार उनके अपने जैसे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सोच हमेशा यही रही है कि जहां भी वे तैनात रहें, वहां के लोग उनके परिवार का हिस्सा बन जाते हैं।
उन्होंने अपने कार्यकाल में परिसर के विकास के लिए कई कदम उठाए, जिनमें पार्क निर्माण जैसे कार्य भी शामिल हैं।
विदाई समारोह में मौजूद अधिकारियों और जवानों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

