गिरिडीह में भीषण आग, 7 घर जलकर राख; लाखों की संपत्ति नष्ट

गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत तुलाडीह गांव में मंगलवार रात करीब 9 बजे अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। भरकट्टा ओपी क्षेत्र में लगी इस आग ने तेज हवा के कारण कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते सात घर इसकी चपेट में आ गए, जो पूरी तरह जलकर राख हो गए। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।


आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कई घरों में रखा सामान, अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और जरूरी कागजात सब कुछ जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित परिवारों की वर्षों की मेहनत और जमा पूंजी पलभर में राख में बदल गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना के बाद हालात बेहद दयनीय हो गए हैं। कई परिवार बेघर हो गए हैं और उनके पास पहनने तक के कपड़े नहीं बचे हैं। वे पूरी तरह से आसपास के लोगों की मदद पर निर्भर हैं। ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द राहत सामग्री और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे इस कठिन परिस्थिति से उबर सकें।

