मोतियाबिंद ऑपरेशन से लालमुनी मुंडा की लौटी आंखों की रोशनी

जमशेदपुर। सिविल सर्जन कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम के प्रयास से हिन्द कुष्ठ आश्रम, बर्मामाइंस निवासी श्रीमती लालमुनी मुंडा की आंखों की रोशनी वापस लौट आई है। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल एवं जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो की पहल पर सदर अस्पताल में उनका मोतियाबिंद का सफल ऑपरेशन किया गया।


जानकारी के अनुसार, लालमुनी मुंडा दोनों आंखों में मोतियाबिंद से पीड़ित थीं, जिसके कारण उन्हें दैनिक कार्यों में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। उनकी स्थिति की जानकारी मिलने पर निमाई मंडल ने जिला कुष्ठ परामर्शी को अवगत कराया। इसके बाद त्वरित पहल करते हुए डॉ. राजीव लोचन महतो ने सिविल सर्जन को जानकारी दी, जिनके निर्देश पर सदर अस्पताल के नेत्र विशेषज्ञ डॉ. देव कुमार महतो द्वारा सभी आवश्यक जांच कर दाएं आंख का सफल ऑपरेशन किया गया।
ऑपरेशन के बाद अगले दिन पट्टी खोलकर अंतिम जांच की जाएगी। इसके पश्चात मरीज को काला चश्मा एवं दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी तथा देखभाल संबंधी आवश्यक निर्देश देकर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने कहा कि किसी नेत्रहीन के जीवन में उजाला लाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। वहीं, लालमुनी मुंडा ने सफल ऑपरेशन के लिए सिविल सर्जन एवं जिला कुष्ठ परामर्शी का आभार व्यक्त किया।
इस कार्य में जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो, निमाई मंडल, प्रधान संडील, संजय चटर्जी तथा सदर अस्पताल के नेत्र विभाग की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

