सरायकेला: सरायकेला जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में कथित रूप से चल रही गो-तस्करी के खिलाफ ग्रामीणों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कमारगोड़ा के समीप मवेशियों से भरे एक 407 वाहन को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, वाहन में लगभग 40 से अधिक गायों को बांधकर ले जाया जा रहा था।ग्रामीणों ने वाहन को रोककर जांच की और बाद में उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया।ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से गो-तस्करी की गतिविधियां चल रही थीं और इस संबंध में कई बार शिकायत भी की गई थी। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से वे स्वयं सतर्क होकर निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध वाहन को पकड़ने में सफलता मिली।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रतिदिन अलग-अलग वाहनों के माध्यम से मवेशियों की ढुलाई की जाती है। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि क्षेत्र में अवैध बूचड़खाने संचालित होने की आशंका है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।पुलिस ने वाहन और मवेशियों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तथ्यात्मक स्थिति की पुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।