झारखंड स्थापना दिवस पर 10 परिवारों को मिला अबुआ आवास का उपहार, विधायक संजीव सरदार ने सौंपी घर की चाबी
पोटका पंचायत में गृह प्रवेश एवं परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन, दो सड़क निर्माण योजनाओं का भी हुआ शिलान्यास

पोटका: झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर पोटका प्रखंड के पोटका पंचायत भवन में बुधवार को गृह प्रवेश एवं परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पोटका विधायक संजीव सरदार शामिल हुए। इस दौरान अबुआ आवास योजना के तहत 10 लाभुकों को परिग्रह पत्र, उपहार एवं सांकेतिक रूप से घर की चाबी सौंपी गई। विधायक ने एक लाभुक के नवनिर्मित अबुआ आवास का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन भी किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक संजीव सरदार ने लाभुकों को नए घर की बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर ग्रामीणों को आवास सहित विभिन्न योजनाओं की सौगात दी जा रही है। उन्होंने प्रखंड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ काम करने की अपील की, ताकि कोई भी जरूरतमंद सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
इस अवसर पर पोटका पंचायत में भीबीजी रामजी योजना के तहत दो सड़क निर्माण योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। पहली योजना के तहत प्राथमिक विद्यालय टांगरसाई इमली पेड़ के नीचे से नदी पुलिया तक जीएसबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। वहीं दूसरी योजना में टुइली सरदार के घर के सामने से जाहेरथान तक जीएसबी सड़क बनाई जाएगी। इन दोनों सड़कों के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 21 नवंबर तक प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में अबुआ आवास योजना के लाभुकों का गृह प्रवेश कराया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत बुधवार को पोटका पंचायत से की गई है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में एडीएम मुकेश मछुआ, पंचायत की मुखिया पानो सरदार एवं मुखिया सावित्री हांसदा उपस्थित रहीं। इसके अलावा पंचायत समिति सदस्य छबि दास, ग्राम प्रधान अमल रंजन सरदार, झामुमो नेता सुधीर सोरेन, प्रखंड समन्वयक गुरुचरण महतो, राजेश प्रसाद, लीला सोलंकी, गौतम मल्लिक, बीपीएम मंटू कुमार मुंडा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद थे।

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव
दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।
वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।
वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)
अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि
क मीडिया


