Newsझारखण्ड

जुगसलाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रक्तदान शिविर आयोजित, 15 लोगों ने किया स्वेच्छा से रक्तदान

 

 

जमशेदपुर: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के अवसर पर बुधवार को जुगसलाई स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन पूर्वी सिंहभूम के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान कुल 15 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।

 

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने कहा कि नियमित रक्तदान स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है। रक्तदान करने से शरीर पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान समाज के प्रति एक सकारात्मक और मानवीय पहल है। इससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।

जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी सह प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय धावड़िया ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान तीन लोगों की जान बचाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने बताया कि रक्तदान के बाद शरीर में रक्त की पूर्ति प्राकृतिक रूप से होती रहती है। इसलिए स्वस्थ लोगों को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

 

शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने स्वास्थ्य विभाग के पारा मेडिकल कर्मियों एवं चिकित्सा पदाधिकारियों की मेहनत और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम 24 घंटे और सातों दिन मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है।

इस अवसर पर जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो, प्रखंड लेखा प्रबंधक श्यामा प्रसाद महापात्र, लिपिक आकिब अहमद, नविता कुमारी सहित सदर अस्पताल के ब्लड बैंक के कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share this news