राजनगर थाना प्रभारी की बड़ी पहल: व्यापारियों के साथ बैठक कर चलाया सुरक्षा जागरूकता अभियान

राजनगर:- जिले में हो रहे अपराध और चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण को लेकर राजनगर पुलिस सक्रिय नजर आ रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को राजनगर थाना परिसर में थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा की अध्यक्षता में थाना क्षेत्र के सोना-चांदी व्यवसायियों, दवा दुकानदारों, पेट्रोल पंप संचालकों एवं अन्य बड़े व्यापारियों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई।



बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और अपराध नियंत्रण में पुलिस के साथ सहयोग बढ़ाना था। थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने बताया कि यह बैठक पुलिस अधीक्षक महोदया के निर्देश पर मिशन जागरूक की तहत आयोजित की गई है, ताकि क्षेत्र में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
उन्होंने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि दुकान बंद करने के समय कीमती सामानों को सुरक्षित स्थान या अपने घर ले जाएं। साथ ही सभी प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी गई, जिनका कम से कम एक महीने का बैकअप सुरक्षित रहे।
थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध लगे या किसी प्रकार की आपराधिक आशंका हो तो तुरंत राजनगर पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
बैठक में मौजूद व्यापारियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपने सुझाव रखे और पुलिस प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
मौके पर राजनगर थाना क्षेत्र के विभिन्न बाजारों से पहुंचे सोना-चांदी दुकानदार, दवा व्यवसायी, पेट्रोल पंप संचालक एवं अन्य व्यापारी उपस्थित थे।

