सरायकेला में 22 दिवसीय विशेष सफाई अभियान शुरू, सड़क पर उतरे अधिकारी और जनप्रतिनिधि

सरायकेला : नगर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से सरायकेला नगर पंचायत द्वारा मंगलवार से 22 दिवसीय विशेष संघन सफाई अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ वार्ड संख्या-1 स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम रोड से अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश एवं नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।



यह अभियान नगर पंचायत की प्रथम बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय के तहत शुरू किया गया है। अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से व्यापक साफ-सफाई कार्यक्रम चलाया जाएगा। प्रत्येक वार्ड में दो दिनों तक विशेष सफाई अभियान संचालित कर नालियों की सफाई, कचरा निष्पादन, सड़क किनारे जमी मिट्टी हटाने, झाड़ियों की सफाई और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए जनजागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर वार्ड पार्षद उत्तम महंती, सुषमा तियु, गौतम नायक, विक्रम मोदक, शांति गोड़सेरा, नगर प्रबंधक सुमित सुमन, एमएसडब्ल्यू कर्मी, सुपरवाइजर और बड़ी संख्या में सफाई कर्मी मौजूद रहे। सभी ने “स्वच्छ सरायकेला — सुंदर सरायकेला” का संकल्प लिया।
इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने घर और प्रतिष्ठानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा कचरा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क पर कचरा फेंकने और दुकान के बाहर डस्टबिन नहीं रखने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि वर्तमान बोर्ड सरायकेला को स्वच्छ और व्यवस्थित नगर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक व्यापक जनआंदोलन है।
जानकारी के अनुसार यह विशेष सफाई अभियान 12 मई से 6 जून 2026 तक चलाया जाएगा। प्रत्येक वार्ड में संबंधित वार्ड पार्षदों के नेतृत्व में विशेष सफाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

