सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड में पेट्रोल संकट के बीच अब कालाबाजारी की शिकायतें भी तेजी से सामने आने लगी हैं। हालांकि पेट्रोल पंपों पर सरकारी दर पर ही पेट्रोल दिया जा रहा है, लेकिन कुछ लोग बड़ी मात्रा में पेट्रोल खरीदकर गांवों में ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं।
जानकारी के अनुसार राजनगर, छोटासिजुलोता, हेंसल समेत कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल लेने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। लोग घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच कुछ लोग गैलन और बड़े जार में पेट्रोल भराकर उसे ब्लैक में बेचने का काम कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गांवों में पेट्रोल 150 रुपये से लेकर 200 रुपये प्रति लीटर तक बेचा जा रहा है। पेट्रोल की कमी के कारण ग्रामीण मजबूरी में महंगे दामों पर ईंधन खरीदने को विवश हैं।
सूत्रों और स्थानीय चर्चाओं के अनुसार बोतल और गैलन में पेट्रोल बेचने वाले कुछ लोग पेट्रोल पंपों से कथित सेटिंग कर अधिक मात्रा में पेट्रोल ले रहे हैं। बताया जा रहा है कि कालाबाजारी करने वाले लोग पंपों पर सामान्य ग्राहकों की तुलना में अधिक दाम देकर गैलन में पेट्रोल खरीद रहे हैं। आरोप है कि इसी वजह से आम वाहन चालकों को सीमित मात्रा में पेट्रोल दिया जा रहा है, जबकि बड़ी मात्रा में ईंधन कालाबाजारी के लिए बाहर भेजा जा रहा है।
जिले के उपायुक्त को इस मामले में तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि स्थिति और अधिक न बिगड़े। पेट्रोल की कमी और कालाबाजारी के कारण कई पेट्रोल पंपों पर लोगों के बीच आक्रोश और झड़प की स्थिति भी देखने को मिल रही है, जिससे कभी भी माहौल बिगड़ सकता है।