Newsझारखण्डसरायकेला

भारतीय संस्कृति और प्रतिभा सम्मान का संगम, गायत्री परिवार का भव्य कार्यक्रम सम्पन्न

 

राजनगर : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत पंचायत भवन परिसर में अखिल विश्व गायत्री परिवार, राजनगर प्रकोष्ठ की ओर से एक दिवसीय सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा को बढ़ावा देने तथा मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी दिनेश कुमार दंडपात, बीपीओ ममता दुबे, सरायकेला जिला ट्रस्टी शंभूनाथ अग्रवाल, भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के व्यवस्थापक त्रिलोचन महतो एवं कोल्हान प्रवक्ता संतोष संगम उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री मंत्रोच्चारण एवं दीप प्रज्वलन के साथ श्रद्धा और उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया।

इस अवसर पर बताया गया कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2025 में राजनगर प्रखंड से लगभग 2500 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रखंड के 24 मेधावी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथियों के हाथों सहयोग राशि, मेडल एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों में खुशी का माहौल देखा गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा बच्चों में नैतिक मूल्यों, संस्कारों और भारतीय सभ्यता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों को भी आत्मसात करने की अपील की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में राजनगर प्रखंड के समन्वयक पिंटू राउत की भूमिका सराहनीय रही। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक, विद्यार्थी एवं गायत्री परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Share this news