सरायकेला-खरसावां में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित, उपायुक्त ने सुनीं लोगों की समस्याएं

सरायकेला-खरसावां : समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में मंगलवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं।


जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद, अनुकंपा आधारित मामले, सौतेले भाई द्वारा जमीन एवं घर पर कब्जा करने, राजनगर प्रखंड के बढ़ासिजुलता एवं जाम्बनी गांव में वंचित घरों को नल-जल योजना से जोड़ने, मध्य विद्यालय जाम्बनी के जर्जर भवन को ध्वस्त कर चारदीवारी निर्माण कराने समेत विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
इसके अलावा पत्थर खदान, क्रशर इकाई, बालू घाट एवं ईंट भट्ठा से जुड़े नियमों के सरलीकरण, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय गम्हरिया में नामांकन, गम्हरिया एवं चांडिल में आंगनबाड़ी सेविका चयन में कथित अनियमितता तथा नीमडीह प्रखंड के हूंडरू पारडीह में वन भूमि पर अवैध पत्थर एवं बालू भंडारण से जुड़े मामले भी जनता दरबार में उठाए गए।
उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों में से कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया। वहीं शेष मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने अधिकारियों से कहा कि आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निष्पादन किया जाए और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

