Jamshedpurझारखण्डसरायकेला

श्रीनाथ विश्वविद्यालय और मलेशिया की आईएनटीआई यूनिवर्सिटी के बीच एमओयू, छात्रों को मिलेंगे वैश्विक अवसर

जमशेदपुर: उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में श्रीनाथ विश्वविद्यालय ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विश्वविद्यालय ने मलेशिया की प्रतिष्ठित आईएनटीआई इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के माध्यम से दोनों संस्थान शिक्षा, शोध और अकादमिक आदान-प्रदान के क्षेत्र में मिलकर कार्य करेंगे।

मलेशिया में आयोजित एक औपचारिक समारोह में श्रीनाथ विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय मामलों के निदेशक डॉ. जे. राजेश तथा आईएनटीआई इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के प्रो वाइस चांसलर (ग्लोबल एंगेजमेंट) प्रो. डॉ. गोह खांग वेन ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। समारोह में दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। श्रीनाथ विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व डॉ. जे. राजेश एवं स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग के विभागाध्यक्ष शशिकांत सिंह ने किया।

समझौते के तहत दोनों विश्वविद्यालयों के बीच छात्र एवं शिक्षक विनिमय कार्यक्रम, ग्लोबल इमर्शन प्रोग्राम, संयुक्त शोध परियोजनाएं, अंतरराष्ट्रीय अध्ययन अवसरों के साथ-साथ शैक्षणिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर सीखने और विभिन्न देशों की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रणालियों को समझने का अवसर मिलेगा।

विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि इस साझेदारी से छात्रों की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में वृद्धि होगी और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा एवं शोध गतिविधियों से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा। साथ ही शिक्षकों को भी शोध और अकादमिक सहयोग के नए आयाम उपलब्ध होंगे।

प्रबंधन के अनुसार यह समझौता विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीयकरण नीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे संस्थान की वैश्विक पहचान मजबूत होगी तथा अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक नेटवर्क का विस्तार होगा। विश्वविद्यालय ने इसे अपनी विकास यात्रा की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह साझेदारी छात्रों और शिक्षकों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी।

मलेशिया की आईएनटीआई इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के साथ हुआ यह समझौता श्रीनाथ विश्वविद्यालय के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share this news