कपाली में फायरिंग मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पश्चिम बंगाल से दबोचा गया

चांडिल: कपाली ओपी क्षेत्र के इस्लामनगर में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी अशफाक अहमद उर्फ बल्लू (42) को पश्चिम बंगाल के बड़ाबाजार स्थित पुलकिया रोड से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 जून को इस्लामनगर में जमीन पर काम कर रहे अपसर नवाज पर जानलेवा फायरिंग की गई थी। पीड़ित की पहचान के आधार पर कपाली ओपी में कांड संख्या 80/2026 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया।जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, भौतिक साक्ष्य एवं तकनीकी सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अशफाक अहमद उर्फ बल्लू को गिरफ्तार किया। आरोपी इस्लामनगर, कपाली का निवासी बताया गया है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2022 में भी चांडिल (कपाली ओपी) थाना में लूट, मारपीट एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित मामला दर्ज है।छापेमारी दल में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, पु.अ.नि. रंजीत कुमार सिंह, अनुसंधानकर्ता हीरालाल मुंडा, टाइगर मोबाइल के पुलिसकर्मी विपुल कुमार तिवारी एवं दस्तगीर आलम सहित तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे।पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।




