Sunday, June 7, 2026
Latest:
JamshedpurNewsझारखण्ड

राज्य स्तरीय टीम ने किया पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया नियंत्रण कार्यों का मूल्यांकन, गर्भवती महिलाओं की मलेरिया जांच सुनिश्चित करने का निर्देश

 

 

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में संचालित मलेरिया नियंत्रण एवं वेक्टर जनित रोग (वीबीडी) कार्यक्रमों की समीक्षा और मूल्यांकन के लिए राज्य स्तरीय टीम ने दो दिवसीय दौरा किया। राज्य वीबीडी सलाहकार विनय कुमार तथा राज्य मलेरिया निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम ने अनुमंडल अस्पताल घाटशिला, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोटका एवं मुसाबनी का निरीक्षण कर मलेरिया नियंत्रण से संबंधित कार्यों का जायजा लिया।

 

दौरे के दौरान सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल एवं जिला वीबीडी पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय धाउड़िया ने राज्य स्तरीय टीम का स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. धाउड़िया ने जिले में संचालित मलेरिया नियंत्रण अभियान, डीडीटी छिड़काव, मेडिकेटेड मच्छरदानी वितरण तथा रोगियों की पहचान एवं जांच संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी।

 

निरीक्षण के दौरान टीम ने स्वास्थ्य केंद्रों में मलेरिया मरीजों की स्क्रीनिंग एवं जांच व्यवस्था का अवलोकन किया। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) एवं साहियाओं से मलेरिया के लक्षण, डीडीटी छिड़काव, एलएलआईएन मच्छरदानी वितरण तथा संदिग्ध मरीजों की पहचान से संबंधित जानकारी ली।

 

सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने निर्देश दिया कि सभी चिन्हित गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच के साथ मलेरिया जांच भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में वीबीडी कार्यक्रम की साप्ताहिक समीक्षा बैठक नियमित रूप से आयोजित करने का भी निर्देश दिया।

 

डॉ. पाल ने राज्य स्तरीय टीम को बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम जिले में 24 घंटे बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके बाद टीम ने पोटका, मुसाबनी एवं घाटशिला क्षेत्र में चल रहे इंडोर रेजिडुअल स्प्रे (आईआरएस) अभियान का भी निरीक्षण किया।

 

कार्यक्रम में जिला वीबीडी पदाधिकारी सह जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय धाउड़िया, जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रतिनिधि, पीरामल फाउंडेशन के नीरज कुमार एवं शशि भूषण सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।

Share this news