Sunday, June 7, 2026
Latest:
LatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

तरुण महतो के सम्मान में निकलेगी भव्य रैली, हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद समर्थकों में उत्साह

चांडिल : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय उपाध्यक्ष सह ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी तरुण महतो के सम्मान में रविवार को भव्य सम्मान सह बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में पार्टी के सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष दीपक महतो ने अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन सौंपकर रैली एवं साउंड सिस्टम के उपयोग की अनुमति मांगी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में कथित अवैध बालू परिवहन को लेकर हाईवा वाहन रोकने के दौरान हुई घटना में पुलिस और समर्थकों के बीच झड़प हुई थी। इस मामले में तरुण महतो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। घटना के दौरान पुलिस द्वारा उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप भी सामने आया था। बाद में झारखंड हाईकोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई।

हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद पहली बार क्षेत्र में उनके आगमन को लेकर समर्थकों में उत्साह का माहौल है। इसी को लेकर जेएलकेएम की ओर से सम्मान सह बाइक रैली का आयोजन किया जा रहा है।

आवेदन के अनुसार, रैली 7 जून को सुबह 8 बजे गिद्धीबेड़ा टॉल प्लाजा से शुरू होगी। इसके बाद रैली बानसा, चौका, टीकर, मिलन चौक, कुकड़ू, झिमड़ी और खुशनापुर होते हुए चांडिल पहुंचेगी। आयोजकों के अनुसार रैली में करीब 200 मोटरसाइकिल और 50 चारपहिया वाहन शामिल होंगे। कार्यक्रम के संचालन के लिए दो साउंड सिस्टम का उपयोग भी किया जाएगा।

पार्टी की ओर से प्रशासन को आश्वस्त किया गया है कि कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था, यातायात नियमों तथा प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। वहीं, रैली को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच व्यापक तैयारियां चल रही हैं।

Share this news