सरायकेला DMFT बैठक में विकास कार्यों की मांग तेज, CCU से लेकर पुल व पेयजल समस्या समाधान तक उठे मुद्दे

सरायकेला-खरसावां: जिला समाहरणालय सभागार में बुधवार को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) सरायकेला-खरसावां की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के 592 प्रत्यक्ष रूप से खनन प्रभावित क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में सरायकेला विधायक चंपई सोरेन के प्रतिनिधि के रूप में शामिल हुए प्रतिनिधि ने क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को मजबूती से रखते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को डीएमएफटी मद से स्वीकृत करने की मांग की।


प्रतिनिधि ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष से पूर्ण रूप से बनकर तैयार क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) को शीघ्र चालू किया जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। इसके साथ ही जीलिंगोड़ा और काचा के बीच 30-40 वर्ष पुराने छोटे नाले पर नए पुल के निर्माण की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया, जिससे ग्रामीण आवागमन सुगम हो सके।
बैठक में गम्हरिया में प्रस्तावित वेजी मार्ट को पूर्व निर्मित कोल्ड स्टोरेज से जोड़ने संबंधी कार्य को भी प्राथमिकता देने की मांग रखी गई। वहीं आदित्यपुर एवं सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार बनी पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की आवश्यकता पर भी गंभीरता से चर्चा की गई।
इसके अलावा सरायकेला, गम्हरिया एवं राजनगर प्रखंड क्षेत्र में एक-एक शव वाहन उपलब्ध कराने, तथा आदित्यपुर एवं सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्रों में भाड़े पर चल रहे और जर्जर स्थिति में कार्यरत आंगनबाड़ी केंद्रों के स्थान पर नए भवनों के निर्माण की मांग भी रखी गई। बैठक में इन सभी प्रस्तावों को डीएमएफटी मद से प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर शीघ्र क्रियान्वयन की अपील की गई, ताकि खनन प्रभावित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा सके।

