Sunday, June 7, 2026
Latest:
Newsझारखण्डसरायकेला

श्रीनाथ यूनिवर्सिटी और मलेशिया के स्पेक्ट्रम इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी कॉलेज के बीच हुआ एमओयू, छात्रों को मिलेंगे वैश्विक अवसर

 

 

जमशेदपुर: वैश्विक शिक्षा और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में श्रीनाथ यूनिवर्सिटी ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय ने मलेशिया के स्पेक्ट्रम इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी कॉलेज के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया है। इस समझौते को विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीयकरण और वैश्विक शैक्षणिक विस्तार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

 

मलेशिया में आयोजित एक औपचारिक समारोह में श्रीनाथ यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर (इंटरनेशनल अफेयर्स) डॉ. जे. राजेश तथा स्पेक्ट्रम इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी कॉलेज के डिप्टी वाइस चांसलर (एकेडमिक) प्रोफेसर डॉ. जमाल जैदी ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। समारोह में स्पेक्ट्रम इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी कॉलेज के वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। श्रीनाथ यूनिवर्सिटी की ओर से डॉ. जे. राजेश और स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग के विभागाध्यक्ष शशिकांत सिंह ने प्रतिनिधित्व किया।

 

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुखदेव महतो ने इस समझौते को संस्थान के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह साझेदारी छात्रों और शिक्षकों के लिए अंतरराष्ट्रीय अवसरों के नए द्वार खोलेगी।

 

समझौते के तहत दोनों संस्थान ग्लोबल इमर्शन प्रोग्राम, फैकल्टी एक्सचेंज, स्टूडेंट एक्सचेंज, एक सेमेस्टर के लिए विदेश में अध्ययन, संयुक्त शोध परियोजनाएं, अकादमिक सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों पर मिलकर कार्य करेंगे। इससे विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय शिक्षा प्रणाली को समझने, विभिन्न संस्कृतियों से परिचित होने तथा वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनने का अवसर मिलेगा।

 

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह साझेदारी छात्रों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी सहायक होगी। वहीं शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षण, शोध और ज्ञान के आदान-प्रदान का मंच उपलब्ध होगा। इस सहयोग से नवाचार, शोध उत्कृष्टता और शैक्षणिक गुणवत्ता को भी बढ़ावा मिलेगा।

 

विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों ने बताया कि भविष्य में इस साझेदारी के तहत संयुक्त सेमिनार, कार्यशालाएं, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, शोध प्रकाशन तथा उद्योग-अकादमिक सहयोग से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

 

श्रीनाथ यूनिवर्सिटी ने कहा कि विश्वस्तरीय संस्थानों के साथ साझेदारी स्थापित कर छात्रों को वैश्विक दृष्टिकोण, आधुनिक कौशल और अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्रदान करना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है। स्पेक्ट्रम इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी कॉलेज, मलेशिया के साथ हुआ यह समझौता इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।

Share this news