सरायकेला-खरसावाँ में अवैध बालू परिवहन पर कार्रवाई, जांच अभियान में ट्रेलर जब्त

सरायकेला-खरसावाँ: जिले में अवैध खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में 10 जून की देर रात खनन विभाग और कपाली ओपी की संयुक्त टीम ने कपाली ओपी क्षेत्र के पुडिसिली चौक पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान बालू परिवहन कर रहे ट्रेलर संख्या JH01FQ5184 की जांच की गई।


जांच के दौरान वाहन चालक से बालू परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेजों की मांग की गई, लेकिन वह आवश्यक एवं वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद नियमानुसार ट्रेलर को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से कपाली ओपी में रखा गया। मामले में सक्षम प्राधिकार द्वारा आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, सरकारी राजस्व की सुरक्षा और अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिले में नियमित रूप से जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। प्रशासन का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के साथ-साथ कानून व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित जांच अभियान जारी रखने और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध परिवहन, भंडारण या किसी भी अन्य गैरकानूनी गतिविधि के खिलाफ प्रशासन का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों के उल्लंघन पर किसी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।

