LatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

भीमखंदा में दर्दनाक हादसा: बोंगबोंगा नदी में डूबने से 4 वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में छाया मातम

राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल भीमखंदा में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय मासूम की जान चली गई। बोंगबोंगा नदी में डूबने से हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, गम्हरिया पंचायत के सोलगड़िया गांव से महिलाएं और बच्चे पूजा-अर्चना के लिए भीमखंदा पहुंचे थे। पूजा के दौरान कुछ बच्चे नदी किनारे खेल रहे थे। इसी बीच खेलते-खेलते एक चार वर्षीय बच्चा असंतुलित होकर गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया।

साथ मौजूद अन्य बच्चों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने काफी मशक्कत के बाद बच्चे को नदी से बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और अस्पताल परिसर में मातम का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि मृतक मूल रूप से धनबाद जिले का रहने वाला था और गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए अपनी मां के साथ मामा के घर सोलगड़िया आया हुआ था। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि छुट्टियों की यह यात्रा इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नदी घाटों और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसे स्थानों पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और निगरानी की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

Share this news