गम्हरिया बाजार के आधुनिकीकरण की पहल से दुकानदारों में उत्साह, झामुमो नेता केपी सोरेन का किया गया सम्मान

गम्हरिया: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के गम्हरिया बाजार को आधुनिक मल्टीप्लेक्स मार्केट कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने की पहल के बाद स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में सोमवार को बाजार समिति की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में झामुमो नेता कालीपद (केपी) सोरेन का स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस दौरान बाजार के विकास को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना की गई।


बताया गया कि हाल ही में सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने अंचल कार्यालय में नगर निगम एवं अंचल प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर गम्हरिया बाजार के सुनियोजित विकास और आधुनिकीकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इसके बाद से बाजार के पुनर्विकास की योजना को लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों के बीच नई उम्मीद जगी है।
बाजार समिति से जुड़े लोगों का कहना है कि लंबे समय से बाजार में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सुव्यवस्थित ढांचे की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स बनने से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
मीडिया से बातचीत के दौरान झामुमो नेता केपी सोरेन ने कहा कि सांसद जोबा माझी के प्रयासों से गम्हरिया बाजार के विकास की दिशा में सार्थक पहल शुरू हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इसका लाभ व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में आधारभूत संरचना के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि बाजार के आधुनिक स्वरूप में विकसित होने से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, सड़क जाम की समस्या कम होगी और लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद परितोष भेज, निरंजन प्रधान, दिलीप गोराई, दीपक मुंडा, फूलकांत झा, जगदीश नारायण चौबे, इंद्रकांत झा सहित बाजार समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


