कुकड़ू: कलम क्रांति अभियान के तहत शिक्षा को बढ़ावा, विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक सामग्री का वितरण

कुकड़ू: शिक्षा को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को कुकड़ू प्रखंड के आदर्श ग्राम हाईतिरुल में कलम क्रांति अभियान के तहत शैक्षणिक सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कक्षा 1 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के बीच पढ़ाई से जुड़ी आवश्यक सामग्री वितरित की गई।


यह अभियान झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय सचिव गोपेश महतो के नेतृत्व एवं केंद्रीय प्रवक्ता विद्रोही बिष्णु के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे।
इस अवसर पर गोपेश महतो ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कॉपी-किताबें बांटना नहीं, बल्कि शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बनना चाहिए और जरूरतमंद विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग देने का प्रयास जारी रहेगा।
केंद्रीय प्रवक्ता विद्रोही बिष्णु ने कहा कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में इस अभियान का विस्तार ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों तक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान बरेंद्रनाथ माझी, शिक्षक पराण जी, जेएलकेएम के कुकड़ू प्रखंड उपाध्यक्ष जितेन्द्रनाथ महतो, ईश्वर कुम्हार, निरंजन, सुधीर सर, चिरंजीत सर, सुदामा, अंगद, आदित्य, सुरेश सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।


