कुकड़ू प्रखंड में दोहरी मार: हाथी का आतंक और बिजली संकट से ग्रामीण परेशान

ग्रामीणों के अनुसार, शाम होते ही हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर गांवों में प्रवेश कर जाता है और फसलों, घरों एवं अनाज को नुकसान पहुंचाता है। इस कारण लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। कई गांवों को पहले से ही हाथी प्रभावित क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया गया है और वन विभाग द्वारा सतर्कता बरती जा रही है।


इधर, प्रखंड के कई गांवों में बिजली की गंभीर समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आपूर्ति तो हो रही है, लेकिन वोल्टेज इतना कम है कि घरेलू उपकरण ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं। इससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई, छोटे व्यापारियों का कामकाज और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। अंधेरे और लो वोल्टेज की स्थिति में हाथियों का खतरा और अधिक बढ़ जाता है, जिससे ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता गहरा गई है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि कुकड़ू प्रखंड की बिजली व्यवस्था की तकनीकी जांच कराई जाए और नियमित एवं स्थिर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही हाथी प्रभावित गांवों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।

लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोनों समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


