Newsझारखण्डसरायकेला

संयोग सेवा फाउंडेशन का शुभारंभ, स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 48 यूनिट रक्त संग्रहित

 

सरायकेला-खरसावां: समाज सेवा को समर्पित संयोग सेवा फाउंडेशन के कार्यालय का विधिवत उद्घाटन रविवार को रांगाखेलना, आसनबनी (काली मंदिर के पीछे), पारडीह में किया गया। इस अवसर पर फाउंडेशन की ओर से एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें कुल 48 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्क्रमित मध्य विद्यालय, फड़लोगोरा की प्रधानाध्यापिका मीनू ने फीता काटकर किया। वहीं समाजसेवी तरुण महतो और गोपेश महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रक्तदान जैसे कार्यों को समय की आवश्यकता बताया।

 

कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन के निदेशक सजल महतो एवं आकाश महतो ने संस्था के उद्देश्य और भावी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक विकास, खाद्य वितरण, आपदा राहत सहित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए कार्य करेगा। उन्होंने समाज के सभी लोगों से इस सेवा अभियान से जुड़ने की अपील भी की।

 

रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को फाउंडेशन की ओर से प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

आयोजन को सफल बनाने में सुनील महतो, अजय तंतुबाय, दीपक महतो, चंदन कुमार, संतोष महतो, नरेश महतो, बिश्वजीत महतो, गुणाधर महतो, कुश महतो, शिबू महतो, राहुल शर्मा, लल्टू महतो सहित फाउंडेशन के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

 

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, रक्तदाताओं, एमजीएम अस्पताल की टीम, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाजहित में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, रक्तदान और अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को निरंतर संचालित करने का संकल्प लिया गया।

Share this news