Rajnagar के कुनाबेड़ा में सड़क हादसे के बाद बवाल, महिला की मौत से ग्रामीणों में नाराज़गी

राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुनाबेड़ा स्थित झारखंड होटल के समीप सोमवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में बांधडीह गांव निवासी सुनीता महतो (42) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति परमेश्वर महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल का इलाज कुनाबेड़ा स्थित जीवनदीप अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, दंपती बाइक से शोभापुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार एलपीडी 709 मालवाहक वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक मृतका का शव घटनास्थल पर ही पड़ा हुआ था और ग्रामीण प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
सूचना मिलने पर राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त एलपीडी 709 मालवाहक वाहन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


