Newsझारखण्डसरायकेला

हूल दिवस पर आजसू पार्टी ने शहीद सिदो-कान्हू को दी श्रद्धांजलि, हरेलाल महतो ने याद किया बलिदान

चांडिल: हूल दिवस के अवसर पर मंगलवार को आजसू पार्टी की ओर से चांडिल के चिलगु स्थित प्रधान कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 1855 की हूल क्रांति के महानायक शहीद सिदो-कान्हू, चांद-भैरव और वीरांगना फूलो-झानो को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर हरेलाल महतो ने कहा कि हूल क्रांति झारखंड के इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। अंग्रेजी शासन और शोषण के खिलाफ आदिवासी समाज द्वारा छेड़ा गया यह आंदोलन आज भी साहस, स्वाभिमान और संघर्ष की मिसाल है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपने इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से परिचित कराना बेहद जरूरी है, ताकि उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।

कार्यक्रम में पूर्व चांडिल प्रमुख अमला मुर्मू, भीम महापात्र, देवराज महतो, हिमेश महतो समेत आजसू पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी ने शहीदों के बताए मार्ग पर चलने और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Share this news