Newsझारखण्ड

गिरिडीह कोर्ट में पेश हुए डुमरी विधायक जयराम महतो, समर्थकों की उमड़ी भीड़

गिरिडीह: वर्ष 2023 में आयोजित एक जनसभा से जुड़े मामले में डुमरी विधायक जयराम महतो मंगलवार को गिरिडीह व्यवहार न्यायालय में पेश हुए। उनकी कोर्ट में उपस्थिति के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक और शुभचिंतक न्यायालय परिसर पहुंचे। विधायक के पहुंचते ही समर्थकों ने उनका स्वागत किया और उनके साथ तस्वीरें लेने के लिए उत्साह दिखाई दिया।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 में बनियाडीह प्ले ग्राउंड में आयोजित एक जनसभा को लेकर प्रशासन ने जयराम महतो समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसी मामले में निर्धारित तिथि पर विधायक न्यायालय में उपस्थित हुए। इस दौरान न्यायालय परिसर में सुरक्षा के भी उचित इंतजाम किए गए थे।
मामले में विधायक की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता मोहम्मद आबिद अंसारी ने बताया कि संबंधित जनसभा के आयोजन के लिए प्रशासन से पूर्व अनुमति ली गई थी। इसके बावजूद बाद में मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि अदालत में सभी आवश्यक दस्तावेज और तथ्य प्रस्तुत किए जा रहे हैं तथा न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।
पेशी के बाद जयराम महतो से मिलने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए समर्थकों की भीड़ जुटी रही। हालांकि न्यायालय की कार्यवाही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शांतिपूर्वक संपन्न हुई। मामले की अगली सुनवाई निर्धारित तिथि पर होगी।

Share this news