Newsझारखण्डसरायकेला

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू, जिलेभर में घर-घर पहुंच रहे बीएलओ

 

सरायकेला-खरसावां: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मंगलवार से मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान की शुरुआत हो गई। अभियान के पहले दिन सभी विधानसभा क्षेत्रों में एन्यूमरेशन का कार्य शुरू किया गया। बीएलओ और बूथ लेवल वॉलंटियर्स घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित कर आवश्यक जानकारी दे रहे हैं।

अभियान के तहत झारखंड के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ, सुपरवाइजर, बूथ लेवल वॉलंटियर्स और मतदाताओं से बातचीत कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया तथा सभी पात्र मतदाताओं तक फॉर्म पहुंचाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी प्रक्रियाएं भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं।

जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर भी मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। लोगों से नए मतदाताओं का नाम जुड़वाने, आवश्यक संशोधन कराने तथा अपात्र या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की गई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और निर्धारित समय के भीतर एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की है। साथ ही किसी भी जानकारी के लिए निर्वाचन हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क करने की सलाह दी गई।

Share this news