Newsझारखण्डसरायकेला

कुकड़ू में बिजली व्यवस्था सुधारने को लेकर बैठक, जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने अधिकारियों के समक्ष रखीं कई अहम मांगें

 

 

सरायकेला/कुकड़ू: प्रखंड कुकड़ू में लगातार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति और विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो की उपस्थिति में तिरुलडीह विद्युत फीडर कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कार्यपालक अभियंता (विद्युत), सरायकेला-खरसावां सहित बिजली विभाग के अधिकारियों और क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं ने भाग लिया।

 

बैठक में कुकड़ू प्रखंड में नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान प्रथम चरण में प्रखंड कुकड़ू को बेहतर विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। साथ ही जर्जर और खुले बिजली तारों को हटाकर केबल लाइन बिछाने, क्षतिग्रस्त बिजली खंभों को बदलने, जरूरत के अनुसार गांवों में नए ट्रांसफार्मर लगाने तथा लाइनमैन की नियुक्ति करने की मांग रखी गई।

 

इसके अलावा बिजली मित्रों के माध्यम से नियमित मासिक बिजली बिल वितरण, फीडर में अनुभवी कर्मियों की तैनाती, आकस्मिक बिजली बाधित होने की सूचना के लिए मोबाइल ग्रुप बनाने, किसानों को रैयती जमीन पर नया बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा सहायक एवं कनीय अभियंताओं द्वारा नियमित निरीक्षण कर मरम्मत कार्य की निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

 

बैठक में यह भी मांग उठाई गई कि बिजली तार की चपेट में आने से जानवरों की मौत होने पर प्रभावित पशुपालकों को मुआवजा राशि का शीघ्र भुगतान किया जाए।

 

जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि कुकड़ू प्रखंड के लोगों को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान करने और आवश्यक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आग्रह किया।

 

बैठक में कुकड़ू प्रखंड की विभिन्न पंचायतों से आए बिजली उपभोक्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Share this news