Newsझारखण्ड

सरायकेला अनुमंडल कार्यालय में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 113 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

 

 

सरायकेला: भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, सरायकेला-खरसावाँ एवं नारायणा हेल्थ के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को अनुमंडल कार्यालय परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सरकारी कर्मियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। कुल 113 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

 

शिविर में अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। नारायणा हेल्थ के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने प्रतिभागियों का रक्तचाप, ब्लड शुगर, रक्त जांच, नेत्र परीक्षण, दंत परीक्षण और त्वचा संबंधी जांच सहित कई आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए।

 

जांच के बाद चिकित्सकों ने प्रतिभागियों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक परामर्श दिया। जरूरतमंद लोगों के बीच निःशुल्क दवाओं का भी वितरण किया गया। इस दौरान डॉक्टरों ने नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।

 

भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव दया मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर के सफल संचालन में सोसाइटी के सदस्यों और अनुमंडल कार्यालय के कर्मियों ने सक्रिय सहयोग दिया।

 

शिविर में पहुंचे लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की उम्मीद जताई।

Share this news