JamshedpurNewsझारखण्ड

पोटका में लगातार दूसरे दिन चला मलेरिया उन्मूलन अभियान, घर-घर पहुंचकर हो रही जांच और इलाज

 

 

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया पर प्रभावी नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर रविवार को लगातार दूसरे दिन भी पोटका प्रखंड के मलेरिया प्रभावित गांवों में घर-घर जाकर नि:शुल्क जांच, उपचार और जागरूकता अभियान चलाया गया।

 

स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने बुखार से पीड़ित लोगों की मौके पर जांच की, आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं और गंभीर मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सदर अस्पताल रेफर किया। अभियान में जमशेदपुर शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के 20 मेडिकल ऑफिसर, 29 कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO), 11 एमपीडब्ल्यू (MPW) तथा स्थानीय सहिया कर्मी सक्रिय रूप से शामिल रहे।

 

स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए अपील की कि बुखार होने पर झाड़-फूंक, अंधविश्वास या झोलाछाप चिकित्सकों के भरोसे न रहें, बल्कि तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच और इलाज कराएं।

 

सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ मलेरिया उन्मूलन के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने लोगों से घर और आसपास पानी जमा नहीं होने देने, मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने, पूरी बांह के कपड़े पहनने और किसी भी प्रकार के बुखार की स्थिति में तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचने की अपील की।

 

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मलेरिया नियंत्रण अभियान आगे भी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार जारी रहेगा। नियमित स्वास्थ्य शिविर, सक्रिय रोगी खोज, जांच, उपचार और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से जिले को मलेरिया मुक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

Share this news