JamshedpurNewsझारखण्ड

कोल्हान में जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए लगा नि:शुल्क स्क्रीनिंग शिविर, 224 बच्चों की जांच में 34 में मिली हृदय बीमारी

 

जमशेदपुर/चाईबासा: राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) और अमृता हॉस्पिटल, कोच्चि के संयुक्त तत्वावधान में “गिफ्ट ऑफ लाइफ” अभियान के तहत रविवार को पश्चिमी सिंहभूम के सदर अस्पताल, चाईबासा में जन्मजात हृदय रोग (Congenital Heart Disease) से पीड़ित बच्चों के लिए नि:शुल्क स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किया गया।

 

पूर्वी सिंहभूम के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने बताया कि शिविर में कुल 224 बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें पूर्वी सिंहभूम से आए 25 बच्चों में 13 तथा कुल 34 बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की पहचान हुई। इन बच्चों के आगे के उपचार की प्रक्रिया अमृता हॉस्पिटल, कोच्चि के सहयोग से सुनिश्चित की जाएगी।

 

शिविर में पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, डीआरसीएचओ सह जिला नोडल पदाधिकारी (RBSK) सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं कोल्हान क्षेत्र और अन्य जिलों से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, “गिफ्ट ऑफ लाइफ” अभियान के तहत 17 जुलाई को देवघर, 18 जुलाई को बोकारो और 19 जुलाई को चाईबासा में आयोजित तीन दिवसीय स्क्रीनिंग शिविरों में कुल 701 बच्चों की जांच की गई। इनमें 131 बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की पहचान हुई है।

 

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों में हृदय संबंधी किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर समय पर जांच कराएं, ताकि समय रहते उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

Share this news