Newsझारखण्डसरायकेला

कुचाई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मलेरिया नियंत्रण हेतु फॉगिंग अभियान चलाया गया

 

 जिला मलेरिया पदाधिकारी सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुचाई में लगातार बढ़ रहे मलेरिया धनात्मक मामलों को ध्यान में रखते हुए अस्पताल परिसर में विशेष फॉगिंग अभियान चलाया गया. अभियान के अंतर्गत अस्पताल परिसर, सभी वार्डों, झाड़ियों तथा आवासीय क्षेत्रों में फॉगिंग कर मच्छरों के प्रकोप को कम करने का प्रयास किया गया. इसका उद्देश्य अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों, अस्पताल आने वाले आम नागरिकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को मच्छरजनित रोगों, विशेषकर मलेरिया से सुरक्षित रखना है.

 

इस अवसर पर जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. सुजीत कुमार मुर्मू, एमपीडब्ल्यू कैलाश चंद्र महतो तथा फॉगिंग कर्मी श्री रूपक उपस्थित रहे.उन्होंने अभियान का निरीक्षण करते हुए मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग, स्वच्छता एवं जनजागरूकता को अत्यंत आवश्यक बताया. साथ ही आमजन से अपील की कि वे अपने घरों एवं आसपास जलभराव न होने दें, साफ-सफाई बनाए रखें तथा मच्छरों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों का पालन करें.

 

स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि मलेरिया की रोकथाम के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाते रहेंगे, ताकि क्षेत्र में मलेरिया के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके.

Share this news