Newsझारखण्डसरायकेला

8 अगस्त के शहादत दिवस को लेकर JLKM ने तेज की तैयारी, 31 जुलाई को होगी कोल्हान स्तरीय बैठक

 

 

सरायकेला/जमशेदपुर: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने 8 अगस्त को वीर शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस संबंध में पार्टी की ओर से कोल्हान स्तर की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा और जिम्मेदारियों पर चर्चा की जाएगी।

 

JLKM के कोल्हान प्रमंडल अध्यक्ष नवीन महतो द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 31 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को दोपहर 2 बजे मानगो स्थित मायरा गार्डन, मानू होटल के समीप, डिमना रोड में बैठक आयोजित होगी। बैठक में 8 अगस्त को पूर्वी सिंहभूम जिले में प्रस्तावित विशाल मोटरसाइकिल रैली, जनसभा तथा पार्टी सुप्रीमो के संभावित आगमन को लेकर तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।

 

बैठक में कोल्हान प्रमंडल के सभी पदाधिकारियों के अलावा विभिन्न मोर्चों के केंद्रीय, जिला, प्रखंड, पंचायत एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आह्वान किया गया है।

 

जारी सूचना में कहा गया है कि बैठक के दौरान कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियों का निर्धारण किया जाएगा। साथ ही, विचार-विमर्श के बाद पूर्वी सिंहभूम जिला एवं महानगर समिति को कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

 

पार्टी ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में बैठक में शामिल होकर 8 अगस्त के कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है।

Share this news