Newsझारखण्डसरायकेला

लखीपोश में दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट संपन्न, 48 टीमों ने दिखाया दमखम; युवाओं से खेल में भविष्य बनाने की अपील

सरायकेला-खरसावां: राजनगर प्रखंड के लखीपोश में आयोजित (LBSA) लखीपोश दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता में कुल 48 टीमों ने हिस्सा लेकर शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में बाबा गोल्ड एफसी, गम्हारिया ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि नासा हाकेगोड़ा उपविजेता रही। वहीं दुलार, राजनगर की टीम ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रतियोगिता में अपनी अलग पहचान बनाई।

समापन समारोह में प्रतियोगिता की शीर्ष छह टीमों को सम्मानित किया गया। सभी छह विजेता टीमों को प्रोत्साहन स्वरूप एक-एक खस्सी (बकरा) भेंट किया गया। वहीं प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम बाबा गोल्ड एफसी, गम्हारिया को विजेता ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में मुख्य एवं वशिष्ठ अतिथि के रूप में कृष्ण बास्के एवं केपी सोरेन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बुद्धिजीवी मंच के जिला अध्यक्ष दुर्गा लाल मुर्मू, प्रखंड अध्यक्ष रामसिंह हेम्ब्रम, प्रखंड उपाध्यक्ष भुगतू मार्डी, पूर्व मुखिया रघुनाथ मुर्मू, श्याम सोरेन, शेखर महाकुड़ सहित झामुमो के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अपने संबोधन में केपी सोरेन ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को खेल को केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अपने उज्ज्वल भविष्य का आधार बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि झारखंड में आयोजित होने वाले डूरंड कप जैसे बड़े खेल आयोजनों से युवाओं को प्रेरणा लेकर कड़ी मेहनत करनी चाहिए, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

वहीं कृष्ण बास्के ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण के साथ-साथ समाज और परिवार को भी नई दिशा देता है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन के साथ खेलते हुए शिक्षा पर भी समान रूप से ध्यान देने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Share this news