सारथी इंडेन सारसी इंडेन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी में सिलेंडर चोरी कांड का खुलासा

चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले की तिरुलडीह थाना पुलिस ने सारथी इंडेन ग्रामीण वितरक से हुई गैस सिलेंडर चोरी मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 64 गैस सिलेंडर, घटना में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


पुलिस के अनुसार 27 जुलाई की रात तिरुलडीह थाना क्षेत्र स्थित सारथी इंडेन ग्रामीण वितरक के गोदाम से गैस सिलेंडरों की चोरी हुई थी। मामले में तिरुलडीह थाना कांड संख्या 11/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी के 64 गैस सिलेंडर, पिकअप वाहन संख्या JH05DW-4807, मोटरसाइकिल संख्या JH05BN-7028, एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल और एक जियो कंपनी का कीपैड मोबाइल बरामद किया गया।पुलिस ने बरामद सभी सामान जब्त कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं इस चोरी कांड में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। तिरुलडीह पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह का पता लगाने के लिए अनुसंधान जारी है।



