श्रावण के तीसरे सोमवार भीमखन्दा में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजा क्षेत्र

सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत भीमखन्दा में श्रावण मास के तीसरे सोमवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।


श्रद्धालु हाथों में पूजा सामग्री और जल लेकर भगवान शिव की आराधना के लिए पहुंचे। भक्तों ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही।
श्रावण के तीसरे सोमवार को उमड़ी भीड़ में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी उत्साह के साथ भोलेनाथ की भक्ति में लीन नजर आए। बोल बम के जयघोष और शिव भजनों से पूरा वातावरण शिवमय बना रहा।

इसी अवसर पर कोल्हान ब्लॉक टीम, जेएलकेएम के सहयोग से बोल बम सेवा समिति कुनाबेड़ा-शोभापुर की ओर से श्रद्धालुओं के लिए लंगर का आयोजन किया गया। समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद और भोजन का वितरण किया।
मौके पर जेएलकेएम नेता प्रेम मार्डी, अनीता महतो, विदेश्वर महतो, रोहित महतो, संजय महतो, परवंशु महतो, सुमित समेत कई लोग मौजूद रहे।
श्रावण के तीसरे सोमवार पर भीमखन्दा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने क्षेत्र को पूरी तरह शिवमय कर दिया। आस्था, भक्ति और भगवान शिव के प्रति श्रद्धालुओं की श्रद्धा का यह दृश्य पूरे दिन आकर्षण का केंद्र बना रहा।

