Newsझारखण्ड

रांची का न्यूक्लियस मॉल 375 करोड़ रुपये में बिका, झारखंड की रियल एस्टेट में बनी बड़ी डील

 

 

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के चर्चित न्यूक्लियस मॉल को लेकर एक बड़ी कारोबारी खबर सामने आई है। शहर के सर्कुलर रोड स्थित इस मॉल की बिक्री 375 करोड़ रुपये में हुई है। इसे झारखंड के रियल एस्टेट कारोबार की अब तक की सबसे बड़ी डील में से एक माना जा रहा है।

 

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को मॉल की रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी की गई। मॉल के मालिक विष्णु अग्रवाल ने VA Company के निदेशक विवेक कुमार सिंह के नाम पर इसकी रजिस्ट्री कराई है। इस सौदे के लिए खरीदार की ओर से करीब 15 करोड़ रुपये स्टांप ड्यूटी और 11.25 करोड़ रुपये निबंधन शुल्क के रूप में जमा किए गए हैं। बताया जाता है कि विवेक कुमार सिंह का संबंध कोयला कारोबारी एलबी सिंह से करीबी का है।

 

गौरतलब है कि रांची के सर्कुलर रोड पर महिला कॉलेज के नजदीक स्थित न्यूक्लियस मॉल में 12 फरवरी 2017 से व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हुई थीं। इस मॉल का निर्माण आदर्श हाइट्स प्राइवेट लिमिटेड ने कराया था। करीब 1.59 एकड़ जमीन पर बने इस मॉल में बड़े पैमाने पर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए जगह उपलब्ध कराई गई है।

 

मॉल के कुल निर्मित क्षेत्रफल को लेकर अलग-अलग रिपोर्टों में अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं। कुछ रिपोर्टों में इसका निर्माण क्षेत्र करीब 3.5 लाख वर्गफीट बताया गया है, जबकि वर्ष 2022 की एक रिटेल इंडस्ट्री रिपोर्ट में यह आंकड़ा 4.50 लाख वर्गफीट दर्ज किया गया था। वहीं, इसका ग्रॉस लीजेबल एरिया लगभग 3 लाख वर्गफीट और भवन की संरचना आठ मंजिला बताई गई है। यहां करीब 88 दुकानें और 29 कियोस्क संचालित होने की जानकारी है।

 

शॉपिंग से लेकर मनोरंजन तक की सुविधाएं

 

न्यूक्लियस मॉल रांची के प्रमुख शॉपिंग और मनोरंजन केंद्रों में शामिल है। यहां कपड़े, जूते, कॉस्मेटिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स और लाइफस्टाइल से जुड़े कई तरह के उत्पादों के स्टोर मौजूद हैं। शॉपर्स स्टॉप, रिलायंस ट्रेंड्स, बाटा, एलन सॉली और मान्यवर जैसे ब्रांड के आउटलेट भी यहां हैं।

 

इसके अलावा मॉल में पीवीआर मल्टीप्लेक्स, फूड कोर्ट, रेस्टोरेंट, फास्ट फूड आउटलेट और गेमिंग जोन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। जिम, सैलून और घरेलू जरूरतों से जुड़ी दुकानें भी इसकी खासियत हैं।

 

375 करोड़ रुपये के इस सौदे के बाद अब रांची के रियल एस्टेट बाजार में न्यूक्लियस मॉल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। यह डील शहर के व्यावसायिक संपत्तियों के बाजार में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम मानी जा रही है।

Share this news