Newsझारखण्ड

हजारीबाग में पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश, घेराबंदी कर पकड़ा गया फायरिंग का आरोपी तुषार मिश्रा

 

शौच जाने का बहाना बनाकर पुलिस वाहन से उतरते ही भागने लगा आरोपी, झड़प में उसके पैर में गंभीर चोट, एक पुलिसकर्मी भी घायल

 

हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग में पुलिस हिरासत से फरार होने की कोशिश कर रहे एक आरोपी को पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोबारा पकड़ लिया। घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हत्यारी मोड़ के पास की है। पुलिस की घेराबंदी के दौरान आरोपी तुषार मिश्रा घायल हो गया, वहीं उसे पकड़ने के प्रयास में एक पुलिसकर्मी को भी चोट आई है।

 

जानकारी के अनुसार, तुषार मिश्रा को हजारीबाग के कोर्रा थाना क्षेत्र स्थित होटल एक इंटरनेशनल में हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ के लिए हजारीबाग ला रही थी। वह इससे पहले रामगढ़ जेल में बंद था।

 

बताया जाता है कि हजारी मोड़ के समीप पहुंचने पर तुषार ने शौच जाने की बात कहकर पुलिस वाहन रुकवाया। वाहन से उतरने के बाद उसने अचानक भागने की कोशिश की। उसकी हरकत देखते ही पुलिसकर्मियों ने पीछा कर चारों ओर से घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया।

 

इस दौरान हुई हाथापाई में तुषार मिश्रा के पैर में गंभीर चोट लग गई, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। इसके बाद घायल आरोपी को उपचार के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया।

 

हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को तत्काल कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया गया। फिलहाल घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Share this news