गोपीनाथपुर में नाला निर्माण से आदरहातु का रास्ता प्रभावित, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

सरायकेला/राजनगर। राजनगर प्रखंड के टीटीडीह पंचायत अंतर्गत आदरहातु गांव के ग्रामीण इन दिनों आवागमन की समस्या से परेशान हैं। गोपीनाथपुर में सड़क और नाला निर्माण के लिए की गई खुदाई के कारण आदरहातु गांव को जोड़ने वाला मुख्य रास्ता काफी संकरा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं किए जाने से लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है।


ग्रामीणों के अनुसार, नाला निर्माण के लिए सड़क किनारे गहरी खुदाई की गई है। इसके चलते गांव तक पहुंचने वाले रास्ते पर आवागमन के लिए बेहद कम जगह बची है। ग्रामीणों का दावा है कि फिलहाल किसी तरह दोपहिया वाहन ही निकल पा रहे हैं, जबकि चारपहिया वाहन और बड़े वाहनों का आना-जाना मुश्किल हो गया है।
सबसे ज्यादा चिंता ग्रामीणों को आपात स्थिति को लेकर है। उनका कहना है कि यदि किसी व्यक्ति की तबीयत अचानक खराब हो जाए या किसी गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़े, तो एंबुलेंस के गांव तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने निर्माण कार्य करा रहे संवेदक के सामने भी अपनी समस्या रखी है। ग्रामीणों के मुताबिक, उन्हें समस्या का समाधान कुछ दिनों बाद किए जाने की बात कही गई है। इसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और नाला निर्माण गांव के विकास के लिए जरूरी है, लेकिन निर्माण के दौरान लोगों के आवागमन का रास्ता पूरी तरह बाधित नहीं होना चाहिए। उन्होंने मांग की है कि निर्माण कार्य जारी रखते हुए तत्काल वैकल्पिक और सुरक्षित रास्ते की व्यवस्था की जाए।
इसी दौरान गोपीनाथपुर सड़क मार्ग से गुजर रहे JLKM नेता प्रेम मार्डी से ग्रामीणों ने मुलाकात कर अपनी परेशानी बताई। ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद प्रेम मार्डी ने भी निर्माण कार्य करा रहे संवेदक से जल्द वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था करने की बात कही।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते रास्ते की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसी भी आपात स्थिति में बड़ी परेशानी हो सकती है। अब ग्रामीणों की मांग पर निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग की ओर से क्या कदम उठाया जाता है, यह देखने वाली बात होगी।

