छात्रों के समर्थन में JLKM ने साकची गोलचक्कर पर किया पुतला दहन

जमशेदपुर: 14वीं JPSC और JSSC-CGL समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) की पूर्वी सिंहभूम जिला समिति ने रविवार को साकची गोलचक्कर पर पुतला दहन किया। कार्यक्रम में संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र भी शामिल हुए।


इस दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्रों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। संगठन ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की गड़बड़ी से छात्रों के भविष्य पर सीधा असर पड़ता है, इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
JLKM पूर्वी सिंहभूम के जिला अध्यक्ष तपन महतो ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द समाधान की दिशा में कदम उठाने की मांग की।
कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष रामप्रसाद महतो, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष पूनम महतो, नगर अध्यक्ष शालूचाना महतो, जिला महासचिव गणपति करुआ, सुनील नमता, दिनेश महतो, शैलेन्द्र महतो, कोल्हान मीडिया प्रभारी संदीप महतो, हेमंत प्रधान, अमीनो रंजन भगत समेत संगठन के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और छात्र मौजूद रहे।
JLKM नेताओं ने कहा कि रोजगार, छात्रों के अधिकार और निष्पक्ष प्रतियोगी परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर संगठन आगे भी छात्रों के साथ खड़ा रहेगा।


