डांगिलबेड़ा में दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित, विजेता टीमों को जिला परिषद अध्यक्ष ने किया पुरस्कृत

कुचाई प्रखंड के डांगिलबेड़ा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पीआरडी ब्रदर्स की ओर से दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए रोमांचक मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता के समापन समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.


उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया. फुटबॉल प्रतियोगिता में विजेता रहे राज शंकर की टीम को 20 हजार एवं उपविजेता रहे नरेश एफसी की टीम को 15 हजार रुपए नगद राशि देकर पुरस्कृत किया गया. वहीं तीसरे स्थान पर रहे कृष्ण एफसी एवं चौथे स्थान पर रहे हेम्ब्रम एफसी की टीम को 10-10 हजार रुपए नगद राशि देकर सम्मानित किया गया. जबकि पांचवें स्थान से लेकर आठवीं स्थान पर रहे टीमों को भी नगद राशि देकर कमेटी की ओर से पुरस्कृत किया.

इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं में खेल प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है. खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है. उन्होंने आयोजन समिति को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई दी. मौके पर सैनाथ मुंडा, लखीराम मुंडा,नोयल पुरती, जगदीश मुंडा, रामसिंह मुंडा समेत काफी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे.

