Newsझारखण्ड

खूंटपानी प्रखंड के बड़ा गुंटिया एवं उलीराजाबासा पंचायत का उप विकास आयुक्त ने किया निरीक्षण, कार्य देख जताई नाराजगी

 

पश्चिमी सिंहभूम जिला के उप विकास आयुक्त श्री उत्कर्ष कुमार ने सोमवार को खूंटपानी प्रखंड अंतर्गत बड़ा गुंटिया पंचायत एवं उलीराजाबासा पंचायत में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का औचक स्थल निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान योजनाओं की प्रगति, श्रमिकों को उपलब्ध कराए जा रहे रोजगार, आवास निर्माण तथा पंचायत स्तर पर स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया गया.

निरीक्षण के क्रम में उलीराजाबासा पंचायत में कार्यस्थल पर शून्य श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज पाई गई. इस पर उप विकास आयुक्त द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ग्राम रोजगार सेवक से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया गया. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पंचायतों में उपलब्ध योजनाओं के अनुरूप अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए. जिला स्तरीय समीक्षात्मक बैठक के माध्यम से सभी पंचायतों में प्रतिदिन 200 श्रमिकों को कार्य उपलब्ध कराने का निर्देश पूर्व में दिया गया था. इसके बावजूद खूंटपानी प्रखंड में पर्याप्त संख्या में योजनाएं उपलब्ध होने के बाद भी औसतन मात्र 8 श्रमिक प्रति पंचायत प्रतिदिन कार्यरत पाए जाने पर उप विकास आयुक्त ने गंभीर नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को श्रमिकों को नियमित रूप से रोजगार उपलब्ध कराने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया.

निरीक्षण के दौरान विकसित भारत जी-राम-जी के अंतर्गत बिरसा हरित ग्राम योजना, दीदी बगिया योजना के तहत नर्सरी विकास तथा ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत निर्माणाधीन अबुआ आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के आवास निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया गया. उप विकास आयुक्त द्वारा आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित लाभुकों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए प्रोत्साहित किया गया तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवास पूर्ण कराने पर जोर दिया गया. इसके अतिरिक्त पंचायत भवनों में 15वें वित्त आयोग मद से किए जा रहे पंचायत भवन सुदृढ़ीकरण कार्य, स्वीकृत योजनाओं की स्थिति एवं योजनाओं के विरुद्ध किए गए व्यय की भी समीक्षा की गई. उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित क्रियान्वयन एजेंसियों एवं कर्मियों को स्वीकृत योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की प्रगति की निगरानी करने तथा कार्यस्थलों पर श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान खूंटपानी बीडीओ धनंजय पाठक, पंचायत के मुखिया हरिचरण हेम्ब्रम, सहायक परियोजना पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य आदि मौजूद थे.

Share this news