Newsझारखण्ड

पलामू में निर्माण स्थल पर फायरिंग, दो मजदूर घायल; गैंग के पर्चे और चार खोखे बरामद

 

 

पलामू: सतबरवा थाना क्षेत्र के रजडेरवा में नेशनल हाईवे निर्माण स्थल पर गुरुवार देर रात फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। बाइक सवार दो अपराधियों ने मजदूरों के अस्थायी कैंप को निशाना बनाकर गोलीबारी की, जिसमें दो मजदूर घायल हो गए। घटना रात करीब दो बजे के बाद की बताई जा रही है।

 

गोली लगने से घायल मजदूरों की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी अजय हांसदा और संजय हांसदा के रूप में हुई है। अजय के पैर में गोली लगी है, जबकि संजय के पेट में गोली लगी है। दोनों को तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति सामान्य बताई है। बेहतर इलाज के लिए दोनों को रिम्स रेफर किया गया है।

 

घटना की सूचना मिलते ही पलामू एसपी कपिल चौधरी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से चार खोखे बरामद किए हैं। साथ ही पुलिस को कथित तौर पर राहुल दुबे गिरोह से जुड़ा एक पर्चा भी मिला है। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही फायरिंग के पीछे की वास्तविक वजह और अपराधियों की संलिप्तता स्पष्ट हो सकेगी।

 

बताया जा रहा है कि देर रात बाइक से पहुंचे दो अपराधियों ने निर्माण स्थल पर मौजूद मजदूरों के कैंप की ओर फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस अब अपराधियों की पहचान के साथ घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

 

दरअसल, सतबरवा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-139 के फोरलेन निर्माण का काम चल रहा है। रजडेरवा में हाईवे पर फ्लाईओवर का निर्माण कराया गया है और उसके पास मजदूरों के रहने के लिए अस्थायी कैंप बनाया गया है। इसी कैंप को निशाना बनाकर फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है।

 

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

 

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग के पीछे क्या वजह थी और इस घटना में कितने लोग शामिल थे। निर्माण स्थल पर हुई इस वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Share this news

Deepak Mahato

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव   दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।   वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।   वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)   अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि क मीडिया